Thursday, June 26, 2008

ताबूत में रेस्तरां – क्या ख्याल है डिनर पार्टी का !!






साभार : दैनिक जागरण और डेली टेलीग्राफ़


मौत का ख्याल आते ही लोगों की भूख-प्यास उड़ जाती है। लेकिन, यूक्रेन में दुनिया का पहला ऐसा रेस्तरां बनाया गया है, जिसकी थीम मौत पर आधारित है। मजे की बात यह है कि रेस्तरां 65 फीट लंबे ताबूत के भीतर चलता है। इसे दुनिया का सबसे बड़ा ताबूत बताया जा रहा है। इस विशालकाय ताबूत में साज-सज्जा के लिए कई सामान्य आकार के ताबूत और फूल से बने हार इस्तेमाल किए गए हैं। इस रेस्तरां में परोसे जाने वाले व्यंजनों के नाम भी अजीबोगरीब हैं। मसलन, डिनर के मेन्यू में मौत के बाद के संस्कारों पर आधारित नाइन डे और फोर्टी डे सलाद शामिल हैं। इसी तरह एक खास डिश का नाम रखा गया है - लेट्स मीट इन पैराडाइज यानी स्वर्ग में मिलते हैं। इटर्निटी नाम का यह रेस्तरां यूक्रेन के पश्चिम में पुर्तगाल की सीमा के करीब त्रस्कवेत्स कस्बे में स्थित है। इस रेस्तरां के निर्माण से जुड़े आंद्रेई बताते हैं, इसके निर्माण में 30 घन मीटर देवदार की लकड़ी लगी। यह हमारे निदेशक स्टीफन पायरिंक का विचार था। उन्हें उम्मीद है कि इस रेस्तरां के चलते त्रस्कवेत्स में आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। अभी यह कस्बा यहां मिलने वाले खनिज तत्वों से भरपूर पानी के लिए मशहूर है। यहां बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। इस अनोखे रेस्तरां के मालिक को उम्मीद है कि उनके रेस्तरां को दुनिया के सबसे बड़े ताबूत का दर्जा मिल जाएगा। गिनीज व‌र्ल्ड रिका‌र्ड्स का कहना है कि दुनिया के सबसे बड़े ताबूत का तमगा अभी किसी को नहीं दिया गया है। संस्था के अधिकारियों को इसके लिए यूक्रेन से बाकायदा आवेदन किए जाने का इंतजार है। यानी अगर रेस्तरां मालिकों की ख्वाहिश पूरी हुई तो सबसे बड़े ताबूत का तमगा पाने का भी रिकार्ड बनेगा।

3 comments:

Udan Tashtari said...

रोचक समाचार- यूक्रेन ही उचित जगह भी ऐसे रेस्टारेन्ट के लिए. :)

सागर नाहर said...

बड़ी ही रोचक जानकारी.. अगर हिन्दुस्तान में होता तो सचमुच केवल भूत ही खाना खाने आते।
:)

श्रद्धा जैन said...

पता नही लोगों को क्या हो गया है बाप रे ये भी कोई बात हुई इंसान खुशी के लिए घर से बाहर जाता है
ये देख कर तो उसका मन खराब हो जाए